रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट: मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, अगले 7 दिन जारी रहेगा बारिश का दौर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को रायपुर समेत प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 110 मिमी बारिश कोटाडोल में रिकॉर्ड हुई। रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 80-80 मिमी, जबकि छुरा और नांगल में 70-70 मिमी बारिश हुई। सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 60-60 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

रायपुर में 47.6 मिमी बारिश

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। सुबह 8:30 बजे तक 26.7 मिमी और शाम 5:30 बजे तक कुल 47.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

अगले 7 दिन बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले सात दिनों तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। 24 अगस्त को एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम में बदलाव की मुख्य वजह उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।

Exit mobile version