दिल्ली। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही देश के कई हिस्सों में तेज गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग ने सोमवार को राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की है। राजस्थान के बाड़मेर और पिलानी तथा महाराष्ट्र के अकोला में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, सिक्किम, केरल और आंध्र प्रदेश में बारिश की संभावना है। विभाग का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके कारण हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के रतलाम में तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में दिन का तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कश्मीर घाटी में तापमान 9.4 से 10.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 से 12 मार्च के बीच कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गंदेरबल और अनंतनाग के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं। हवा की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है और वातावरण में नमी कम है। इसी कारण मैदानी राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और धूप का असर भी तेज हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाए और सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए, तब लू की स्थिति मानी जाती है। ऐसे हालात में लोगों के बीमार पड़ने और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।
अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के साथ-साथ केरल और आंध्र प्रदेश में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं कई राज्यों में तापमान अभी और बढ़ने की आशंका है।
