दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां उत्तर भारत में भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है, वहीं पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में अटक जाने के कारण उत्तर भारत में अगले दो दिन तक गर्मी और लू का असर तेज रहेगा। मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है।
एयरफोर्स ने किया रेस्क्यू
उधर, सिक्किम के गंगटोक में भूस्खलन में फंसे लोगों का सेना और वायुसेना ने सफल रेस्क्यू किया है। कई दिनों की मूसलाधार बारिश से अरुणाचल प्रदेश में हालात अब सुधर रहे हैं, लेकिन 24 जिलों में 33 हजार लोग अब भी प्रभावित हैं। लैंडस्लाइड से कई इलाकों में पेयजल संकट भी गहराया है।
अरब सागर से आगे बढ़ा मानसून 29 मई को सिक्किम तक पहुंचा था, लेकिन अब 12 जून से मध्य भारत में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून की अच्छी बारिश हो सकती है। इधर, बिहार, हरियाणा और पंजाब में गर्मी का असर बढ़ रहा है। हिमाचल में अगले चार दिन मौसम साफ रहेगा, जिससे तापमान में इजाफा होगा। देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम की स्थिति लगातार बदल रही है और अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।