छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी: रायपुर-दुर्ग और बिलासपुर में 42°C पार होने के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर गर्मी तेज होने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर खासतौर पर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में देखने को मिलेगा, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 12 अप्रैल से इन इलाकों में लू जैसी स्थिति बन सकती है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। हालांकि बीते 24 घंटों के दौरान कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहा। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19°C रहा।
मौसम में बदलाव के पीछे ओडिशा क्षेत्र में बने साइक्लोन सर्कुलेशन और तमिलनाडु तक सक्रिय ट्रफ को माना जा रहा है, लेकिन इनका असर छत्तीसगढ़ पर फिलहाल सीमित है। यही वजह है कि प्रदेश में शुष्क और गर्म मौसम बना हुआ है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज और अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहेगा। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। बढ़ती गर्मी के बीच लू से बचाव के उपाय अपनाना बेहद जरूरी हो गया है।



