रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्म दिवस 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश के धार से ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान’ और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी रायपुर से हजारों महिलाओं के साथ वर्चुअल रूप से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पोषण कैलेंडर का विमोचन किया और विभागीय स्टालों का अवलोकन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति ही सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे, जिनमें महिलाओं की टीबी, एनीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों की मुफ्त जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने मातृ शक्ति से अपील की कि स्वास्थ्य जांच के लिए अवश्य इन शिविरों में जाएं। प्रधानमंत्री ने मातृ वंदना योजना और पोषण अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 4.5 करोड़ महिलाओं को 19 हजार करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और नेतृत्व से भारत नई ऊँचाइयों पर पहुंचा है। यह अभियान विकसित भारत की ठोस नींव साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं और योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने मौके पर मेधावी छात्राओं का सम्मान किया, पोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।