“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” और राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ आज

रायपुर। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” आयोजित किया जाएगा। इसी के साथ 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह 2025 का भी आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका राष्ट्रव्यापी शुभारंभ इंदौर से करेंगे।

छत्तीसगढ़ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी रायपुर के कृषि महाविद्यालय ऑडिटोरियम में होगा। इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी अध्यक्षता करेंगी। अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 7,500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनमें महिलाओं व बच्चों की बीमारियों की जांच, टीकाकरण, प्रसवपूर्व जांच और किशोरियों के लिए पोषण व स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान पोषण पंचायतें, आंगनबाड़ी गतिविधियां, मातृ-शिशु स्वास्थ्य शिविर और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ देने जैसी पहलें की जाएंगी। स्थानीय पौष्टिक अनाज जैसे कोदो, कुटकी और रागी को अपनाने पर जोर दिया जाएगा। बच्चों की परवरिश में पुरुषों व युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और समाज की नींव है। यह अभियान हर घर तक स्वास्थ्य व पोषण का संदेश पहुंचाएगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि शिविरों के जरिए मातृ व शिशु मृत्यु दर कम होगी और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ेगी। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इसे सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। अभियान में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम, रक्तदान शिविर, मोबाइल मेडिकल यूनिट और दूरस्थ अंचलों में विशेष सेवाएं भी शामिल होंगी।

Exit mobile version