राज्यपाल रमेन डेका ने प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का किया शुभारंभ, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान

रायपुर। जिला मुख्यालय बालोद के समीप ग्राम दुधली में आज प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी का भव्य शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में हुआ।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह जंबूरी केवल एक शिविर नहीं, बल्कि एकता, विविधता, भाईचारे और साझा उद्देश्यों का उत्सव है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा सहित राष्ट्रीय व राज्य स्तर के पदाधिकारी और देशभर से आए रोवर–रेंजर बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

राज्यपाल एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और आसमान में गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जंबूरी पत्रिका और नए बैज का विमोचन भी किया गया।

राज्यपाल डेका ने कहा कि स्काउट–गाइड आंदोलन युवाओं को नेतृत्व कौशल, अनुशासन और सफलता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के लिए कम से कम एक सकारात्मक कार्य अवश्य करें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

देश में पहली बार आयोजित यह राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का विषय है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्काउट–गाइड युवाओं को जीवन मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने रोवर–रेंजरों को समाज, राष्ट्र और विश्व के लिए सकारात्मक बदलाव का वाहक बताया।

स्वागत उद्बोधन में भारत स्काउट–गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. केके खण्डेलवाल ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया, वहीं मुख्य राज्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए स्वर्णिम उपलब्धि कहा।

विभिन्न राज्यों से आए रोवर–रेंजरों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर राज्यपाल को सलामी दी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति की बहुरंगी छटा बिखेरी। उल्लेखनीय है कि पांच दिवसीय इस आयोजन में 33 राज्यों से आए प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।

Exit mobile version