रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि 15 अगस्त 2026 को देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। यह अवसर उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके अथक प्रयासों से भारत को गुलामी से मुक्ति मिली।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद सहित अनेक ज्ञात और अज्ञात सेनानियों का योगदान देश हमेशा याद रखेगा। स्वतंत्रता संग्राम के इन महानायकों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया, जिसकी बदौलत आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हमारे वीर सैनिकों और सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। राष्ट्र उनके त्याग, समर्पण और बलिदान के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को देश के विकास के लिए समर्पित करें। सामूहिक प्रयासों से भारत को और अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और गौरवशाली राष्ट्र बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता, एकता और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करने की अपील भी की।
