सरकारी स्कूल बना पार्टी स्पॉट:शराब-चिकन के साथ शिक्षक-सफाईकर्मी का वीडियो वायरल

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के एक सरकारी स्कूल में शराब और चिकन पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मालखरौदा ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल किरारी में कथित तौर पर छुट्टी के बाद पांच शिक्षक और एक स्वीपर पार्टी करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में स्कूल परिसर में एक टेबल पर शराब की बोतल और प्लेट में चिकन रखा दिखाई दे रहा है। कुछ शिक्षक टेबल के आसपास बैठे नजर आ रहे हैं। गिलास में शराब भी दिखाई दे रही है। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने और वीडियो बनाने के दौरान एक शिक्षक खड़े होकर हाथ जोड़ते हुए माफी मांगता नजर आया।

छुट्टी के बाद स्कूल में पार्टी का आरोप

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना है। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी होने के बाद कुछ शिक्षक और स्वीपर स्कूल परिसर में ही शराब और नॉनवेज लेकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीण वहां पहुंच गए और उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल परिसर में इस तरह की पार्टी पहले भी की जा चुकी है। हालांकि, शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही इन आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

5 शिक्षकों और स्वीपर को नोटिस

वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छह कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस पाने वालों में नरेंद्र कुमार लहरें, राजू कुमार साहू, राजेश धीरी, दिनेश चक्रधारी और रात्रे शामिल हैं। इनमें पांचों शिक्षक लेक्चरर बताए गए हैं, जबकि रात्रे स्कूल में स्वीपर के पद पर कार्यरत हैं।

सभी कर्मचारियों को तीन दिन के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। DEO ने कहा है कि कर्मचारियों के जवाब मिलने के बाद मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर स्कूल और शिक्षा विभाग में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Exit mobile version