हड़ताली एनएचएम कर्मचारियों के लिए दोपहर तक आ सकती है खुशखबरी, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए संकेत

रायपुर। लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारियों को आज बड़ी राहत मिल सकती है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने संकेत दिए हैं कि सरकार इस मामले में जल्द कोई ठोस निर्णय ले सकती है। मंत्री ने कहा कि विभाग और हड़ताली कर्मचारियों के बीच बातचीत जारी है और आज दोपहर तक इसका सकारात्मक परिणाम सामने आ सकता है।

दरअसल, एनएचएम कर्मचारी नियमितीकरण, वेतनवृद्धि और नौकरी की स्थिरता जैसी प्रमुख मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। उनकी अनुपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में कामकाज प्रभावित हुआ है।

मंत्री जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हम कर्मचारियों की समस्याओं को समझते हैं। विभाग के स्तर पर चर्चा हो रही है और सरकार संवेदनशील दृष्टिकोण से इस पर विचार कर रही है। दोपहर तक कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आ सकती है।”

इधर, हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

सरकार और कर्मचारियों के बीच चल रही बातचीत के बाद उम्मीद जगी है कि मामला जल्द सुलझ सकता है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए यह आवश्यक है कि दोनों पक्ष आपसी सहमति से समाधान पर पहुंचें।

आज दोपहर तक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि क्या आंदोलन समाप्त होगा या कर्मचारियों को अपनी लड़ाई आगे बढ़ानी पड़ेगी। फिलहाल सभी की नजरें स्वास्थ्य मंत्री की घोषणा पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version