अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर सुशासन दिवस, सीएम साय ने किया नमन

रायपुर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर 25 दिसंबर को मनाए जाने वाले सुशासन दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि अटल जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा है, जो आज भी देश और प्रदेश के लिए पथप्रदर्शक है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं थे, बल्कि वे संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और जनकल्याण को सर्वोपरि रखने वाले प्रधानमंत्री भी थे।

उनके नेतृत्व में भारत ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा प्राप्त की। “अंत्योदय” की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का उनका संकल्प आज भी हमारी शासन नीतियों का आधार बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में शुरू की गई अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं आज भी करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बना रही हैं।

ग्रामीण विकास, आधारभूत संरचना, संचार और सड़क नेटवर्क के विस्तार के साथ उन्होंने देश को आत्मविश्वास की नई पहचान दी। सुशासन को केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित न रखकर उन्होंने इसे संवेदनशील और जनोन्मुखी शासन का स्वरूप दिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी कार्यप्रणाली, समयबद्ध सेवाएं और जनविश्वास की पुनर्स्थापना, ये सभी प्रयास अटल जी के विचारों से प्रेरित हैं।

उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प दिवस भी है। अंत में मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करें तथा राष्ट्र और प्रदेश के समावेशी विकास में सहभागी बनें।

Exit mobile version