सोना 7 हजार और चांदी 4 हजार महंगी: 5 दिन में तेजी, जानिए कीमत बढ़ने के 5 बड़े कारण

दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते शानदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, पांच कारोबारी दिनों में 10 ग्राम 24 कैरेट सोना ₹7,064 महंगा होकर ₹1.49 लाख पर पहुंच गया। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत ₹14,094 बढ़कर ₹2.31 लाख हो गई।

हफ्ते की शुरुआत सोमवार को सोना ₹1.42 लाख और चांदी ₹2.17 लाख किलो थी। शुक्रवार को अकेले सोने में ₹1,181 और चांदी में ₹5,707 की तेजी आई। गुरुवार को सोना ₹1.48 लाख और चांदी ₹2.25 लाख पर थी।

तेजी के 5 बड़े कारण

1. ग्लोबल तनाव: युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने-चांदी का रुख कर रहे हैं।

2. फेड का रुख: अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है।

3. डॉलर कमजोर: डॉलर इंडेक्स में गिरावट से अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की मांग बढ़ी है।

4. सेंट्रल बैंकों की खरीदारी: RBI समेत दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोने का भंडार बढ़ा रहे हैं।

5. चांदी की औद्योगिक मांग: सोलर पैनल और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में चांदी की बढ़ती जरूरत से इसकी कीमतों को सहारा मिल रहा है।

सालभर में सोना ₹16 हजार चढ़ा

31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना ₹1.33 लाख से ऊपर था, जो अब ₹1.49 लाख पहुंच गया है। इस साल 29 जनवरी को सोना ₹1.76 लाख और चांदी ₹3.86 लाख के ऑलटाइम हाई पर पहुंची थी।

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया के मुताबिक, साल के अंत तक सोना ₹1.60 लाख और चांदी ₹2.80 लाख तक पहुंच सकती है। हालांकि, उन्होंने निवेशकों को एकमुश्त निवेश से बचने की सलाह दी है।

ETF से भी कर सकते हैं निवेश

गोल्ड और सिल्वर ETF में शेयरों की तरह BSE और NSE पर निवेश किया जा सकता है। इसमें वास्तविक सोना-चांदी नहीं मिलता, बल्कि कीमत के आधार पर पैसा मिलता है। निवेश के लिए डीमैट और ट्रेडिंग अकाउंट जरूरी है। ETF की शुरुआत 500 रुपए से कम राशि में भी की जा सकती है।

Exit mobile version