रायपुर। सोना-चांदी की कीमतों में रिकॉर्डतोड़ तेजी जारी है। साल 2025 की तेजी के बाद 2026 में भी सोने और चांदी ने बाजार में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज सोने का भाव 1,52,500 प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। वहीं चांदी ने भी अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3,27,998 प्रति किलोग्राम पर ऑल टाइम हाई दर्ज किया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना आज 2.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,49,941 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था। पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले इसमें ₹4,299 की वृद्धि देखी गई। चांदी में 4.06 प्रतिशत यानी ₹12,597 की बढ़ोतरी हुई और यह 3,22,872 प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करने लगी।
इतिहास में सोने और चांदी के प्रमुख रुझान भी ध्यान देने योग्य हैं। सोने ने 10,000 रुपए से 1,50,000 तक पहुंचने में क्रमशः 1623 दिन से लेकर केवल 26 दिन का समय लिया। चांदी ने 12,000 रुपए से ₹3,27,998 तक पहुंचने में तेजी से 20 जनवरी 2026 को नया रिकॉर्ड बनाया।
राजधानी दिल्ली में भी सोने-चांदी की कीमतें नई ऊंचाइयों पर हैं। 24 कैरेट सोना 1,49,920 प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट 1,37,460 और 18 कैरेट ₹1,12,480 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी का भाव 3,20,100 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
सर्राफा व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि इतनी तेजी के कारण आम जनता की खरीदारी क्षमता पर असर पड़ रहा है। शादियों और त्योहारों के सीजन में भी खरीदारी में कमी का अनुमान जताया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में उछाल और डॉलर के भाव ने इस तेजी को प्रेरित किया है।
