भाजपा नेता ‘वापस जाओ’ के नारों से गूंजा नकटी गांव: कब्जा खाली करने पहुंचे अधिकारियों का ग्रामीणों ने किया घेराव

रायपुर। राजधानी के माना इलाके स्थित नकटी गांव में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर जमकर हंगामा हुआ।

प्रशासन की ओर से कब्जा हटाने के लिए नोटिस जारी किए जाने के बाद वार्ड-16 और वार्ड-17 के ग्रामीण सड़क पर उतर आए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों का घेराव कर दिया और भाजपा नेताओं के खिलाफ “वापस जाओ” के नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन ने 25 जून की तारीख का नोटिस 26 जून को आकर चस्पा किया।

उनका कहना है कि उन्हें अपनी बात रखने या वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।

नोटिस मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

पुनर्वास की मांग पर अड़े ग्रामीण

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि वे वर्षों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं।

बिना पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था और पर्याप्त समय दिए बेदखली की कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है।

उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई रोकने और पहले पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

पुलिस-ग्रामीण आमने-सामने

तनावपूर्ण हालात को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई रोकने की मांग पर अड़े रहे। कुछ समय तक पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने की स्थिति भी बनी रही।

प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई प्रशासनिक निर्णय के बाद की जाएगी।

Exit mobile version