मुंगेली। कस्टम मिलिंग में गंभीर अनियमितताओं के खिलाफ मुंगेली जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 राइस मिलों को सील कर दिया है और 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई राज्य आईसीसीसी से मिले अलर्ट और मुख्य सचिव विकासशील के निर्देश पर की गई। कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव सहित राजस्व, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले की विभिन्न राइस मिलों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग और कस्टम मिलिंग में भारी गड़बड़ियां सामने आईं।
उपलेटा राइस मिल, नवागांव घुठेरा रोड स्थित नेशनल दाल मिल, पंडरिया रोड की वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज और नवकार दाल उद्योग में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जहां से 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया।
वहीं नवागढ़ रोड स्थित दीपक राइस इंडस्ट्रीज और दीपक मिलिंग इंडस्ट्रीज में 198 क्विंटल से अधिक तथा लोरमी रोड स्थित एसएस फूड में 1761 क्विंटल से अधिक धान की कमी पाई गई।
जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 19 राइस मिलों पर कार्रवाई की जा रही है, जिनमें से 14 को सील किया जा चुका है।
प्रशासन ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान परिवहन की निगरानी के लिए आईसीसीसी कमांड सेंटर से जीपीएस ट्रैकिंग की जा रही है।
वाहन के निर्धारित मार्ग से भटकने, लंबे समय तक एक स्थान पर रुकने या क्षमता से अधिक लोड होने पर तत्काल अलर्ट जारी होता है। इसके आधार पर जिला स्तर पर जांच की जाती है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी, फर्जीवाड़ा या बिचौलियों की भूमिका पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
