बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश के हत्याकांड में एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। उनके बेटे कार्तिकेश ने अपनी मां पल्लवी और बहन कृति पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
कार्तिकेश ने बताया कि उनकी मां मानसिक रूप से अस्थिर हैं और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कार्तिकेश की शिकायत के बाद FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्तिकेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी मां और बहन ने पूर्व DGP की हत्या की साजिश रची थी।
सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा एक नया पहलू सामने आया है। ओम प्रकाश की पत्नी, पल्लवी, जो कि इस मामले में आरोपी हैं, पिछले 12 सालों से सिजोफ्रेनिया से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। पल्लवी अक्सर भ्रम की स्थिति में रहती थीं, और बेबुनियाद विचारों से परेशान रहती थीं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पल्लवी अक्सर डर व्यक्त करती थीं और दावा करती थीं कि उनका पति ओम प्रकाश उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। पल्लवी ने यह भी आरोप लगाया था कि ओम प्रकाश ने कई बार उन्हें धमकाने के लिए बंदूक लहराई थी।
पारिवारिक मतभेद और हत्याकांड की साजिश
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश और उनकी पत्नी के बीच रिश्ते अच्छे नहीं थे। पैसों और अन्य कारणों से उनके वैवाहिक जीवन में लंबे समय से मतभेद चल रहे थे। हालांकि, बच्चों के लिए उन्होंने एक साथ शादी के बंधन में बंधे थे, लेकिन दोनों के रिश्ते खुशहाल नहीं थे।
ओम प्रकाश, जो कि 1981 बैच के IPS अधिकारी थे, रविवार को अपने बेंगलुरु स्थित आवास में मृत पाए गए थे। पुलिस ने बताया कि उनका शव खून से लथपथ था और उनके गले और पेट पर धारदार हथियार के निशान मिले थे। उनके कपड़े भी फटे हुए थे, जिससे यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। ओम प्रकाश 28 फरवरी 2015 को कर्नाटक के DGP और IG बने थे और जनवरी 2017 में रिटायर हो गए थे। इस मामले में और खुलासे के लिए पुलिस जांच कर रही है।