रायपुर। छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले 4 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 11°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। अंबिकापुर, पेंड्रा और रायपुर में सुबह कोहरा छाया हुआ है। पेंड्रा में घना कोहरा और अमरकंटक में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है।
राजधानी रायपुर में बुधवार को दिन का तापमान लगभग 30-31°C और रात का तापमान 15-16°C के आसपास रहा। मैनपाट में सुबह ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गईं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले 3-4 दिनों में प्रदेश में सर्दी और हल्की गर्मी का मिश्रित असर बना रहेगा और मौसम शुष्क रहेगा।
इस दौरान वाहन चलाते समय सुबह कोहरे के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सर्वाधिक ठंड सरगुजा और अंबिकापुर में महसूस की जाएगी, जबकि बाकी क्षेत्रों में तापमान सामान्य रहेगा।
