जीटी करनाल हाईवे पर फ्लाईओवर धंसा, ऑटो गड्ढे में फंसा, चालक घायल

दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी करनाल रोड) पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अलीपुर के पास बने फ्लाईओवर का हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे सड़क पर करीब चार से पांच फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस गड्ढे में एक ऑटो रिक्शा फंस गया और चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी और ट्रैफिक को डायवर्ट करके सर्विस लेन से निकालना शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब आठ बजे हुई। फ्लाईओवर पर चलते समय अचानक सड़क का हिस्सा धंस गया और उसके आसपास दरारें भी पड़ गईं। उसी समय वहां से गुजर रहा एक ऑटो रिक्शा इस गड्ढे में जा फंसा। हादसे में ऑटो चालक को चोटें आईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फ्लाईओवर जमीन से लगभग 25 से 30 फीट की ऊंचाई पर है। ऐसे में यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था। गनीमत रही कि उस समय फ्लाईओवर पर ज्यादा ट्रैफिक नहीं था, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दी गई है। फिलहाल इंजीनियरों की टीम मौके पर जांच कर रही है और फ्लाईओवर को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव की कमी दिखाई दे रही थी। इस हादसे ने सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और एनएचएआई की टीम मिलकर अब कारणों का पता लगाने और जल्द से जल्द मरम्मत का काम शुरू करने में जुटी है।

Exit mobile version