मेकाहारा के इमरजेंसी वार्ड में आग, धुएं से मची अफरा-तफरी

रायपुर। रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगते ही वार्ड और आसपास के हिस्से में धुआं भर गया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया।

दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने राहत-बचाव अभियान चलाते हुए कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इस दौरान अस्पताल के डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और सुरक्षा कर्मी भी मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे रहे।

आग लगने के बाद इमरजेंसी वार्ड में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। धुआं फैलने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हुई। हालांकि, एहतियात के तौर पर समय रहते मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।

AC में खराबी से आग लगने की आशंका

शुरुआती जानकारी के मुताबिक इमरजेंसी वार्ड में लगे AC में खराबी आने या उसके फटने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम जांच में जुट गई है। आग से कितना नुकसान हुआ है और अस्पताल की सेवाओं पर इसका कितना असर पड़ा, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

Exit mobile version