रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सहायक संचालक मछली पालन विभाग के कार्यालय में रविवार शाम अचानक आग लग गई।
आग की चपेट में आने से रिकॉर्ड रूम में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और पुराने उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम केलो विहार रोड स्थित मछली पालन विभाग के कार्यालय के रिकॉर्ड रूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया।
धुआं देखकर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। जब तक फायर ब्रिगेड की टीमें पहुंचीं, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और दूर से लपटें साफ नजर आ रही थीं।
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद करीब तीन घंटे की लगातार कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
आग से रिकॉर्ड रूम में रखे कई जरूरी दस्तावेज, पुराने एसी, कूलर और अन्य कार्यालयीन सामान पूरी तरह जल गए, जिससे विभाग को भारी नुकसान हुआ है।
जिला सेनानी अधिकारी ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और समय रहते आग को अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया गया।
उन्होंने कहा कि कार्यालय रविवार होने के कारण बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है।
वहीं एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि पुलिस और दमकल टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पाया। फिलहाल विभागीय अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं और जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
