बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में रेलवे अधिकारी के खिलाफ सोशल मीडिया पर गाली-गलौज और अश्लील टिप्पणी का मामला सामने आया है। मुख्य कार्मिक अधिकारी राजेन्द्र कुमार अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि डॉक्टर राजीव यादव ने उनके खिलाफ अश्लील शब्दों का प्रयोग किया और उन्हें गाली-गलौज की। शिकायत के बाद पुलिस ने डॉक्टर राजीव यादव के खिलाफ BNS की धाराओं 296, 351, 2 के तहत FIR दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे अफ़िसर्स कालोनी निवासी राजेन्द्र कुमार अग्रवाल और डॉक्टर राजीव यादव के बीच जान-पहचान थी। विभागीय आदेश के तहत चार्टशीट प्रस्तुत करने की प्रक्रिया में, 10 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे डॉक्टर राजीव यादव उनके घर पहुंचे और उनके बेटे के सामने गाली-गलौज की।
इसके बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और यूट्यूब पर डॉक्टर द्वारा राजेन्द्र अग्रवाल के खिलाफ अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने और टिप्पणियां करने की जानकारी लोगों के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की।
पुलिस ने बताया कि इस एफआईआर के माध्यम से आरोपित डॉक्टर के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग और व्यक्तिगत उत्पीड़न गंभीर अपराध है और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति को सख्त सजा दिलाने के लिए कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।