वित्तमंत्री का बजट भाषण: 3 आयुर्वेदिक एम्स, 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान; राजकोषीय घाटा GDP का 4.5% से नीचे रखने का लक्ष्य

दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए।

उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 ‘युवाशक्ति’ से प्रेरित है और सरकार के तीन कर्तव्यों पर आधारित है। बजट भाषण में उन्होंने स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही सरकार ने राजकोषीय घाटा GDP का 4.5% से नीचे रखने का लक्ष्य भी रखा है।

बजट की प्रमुख घोषणाओं में आयुर्वेद के लिए 3 नए ‘आयुर्वेदिक एम्स’ बनाने का प्रस्ताव शामिल है। इसके साथ ही आयुर्वेदिक दवाइयों की टेस्टिंग के लिए नेशनल लैब्स और जामनगर में WHO ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की दिशा में भी पहल की गई।

कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सरकार ने 7 हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया है, जिनमें मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई और सिलीगुड़ी-वाराणसी जैसे रूट शामिल हैं। वहीं मालगाड़ियों के लिए डानकुनी से जुड़े नए फ्रेट कॉरिडोर की घोषणा भी की गई।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा दांव लगाते हुए अगले वित्त वर्ष के लिए कैपेक्स 12.2 लाख करोड़ रुपए तय किया गया है। साथ ही टेक्सटाइल सेक्टर के लिए मेगा टेक्सटाइल पार्क, बायो-फार्मा शक्ति योजना (10,000 करोड़ निवेश), सेमीकंडक्टर मिशन ISM 2.0 और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए 40,000 करोड़ रुपए के प्रावधान का भी ऐलान हुआ।

सरकार ने बजट के जरिए रणनीतिक मैन्युफैक्चरिंग, MSME, इंफ्रास्ट्रक्चर, शहरों के विकास और दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है।

Exit mobile version