एटीएम चोरी की फिल्मी साजिश: अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में फिल्मी स्टाइल में एटीएम उखाड़ने की कोशिश करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो बड़े ही शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे।

रेकी और ‘मेटाडोर’ से चोरी का प्रयास

यह घटना 13 नवंबर 2025 की रात करीब 2 बजे नन्दकट्ठी बस स्टैंड के पास स्थित हिताची कंपनी के एटीएम पर हुई थी। गिरोह के सदस्य इंतजार खान, मुकीम और ईनाम ने पहले रायपुर और आसपास के इलाकों में रेकी की।

उन्होंने भागने के लिए सुनसान रास्तों का चयन किया और वारदात के लिए गनियारी से एक मेटाडोर वाहन चोरी किया। इस वाहन की मदद से उन्होंने एटीएम मशीन को उखाड़ने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता के कारण वे सफल नहीं हो सके और फरार हो गए।

पुलिस ने जांच के बाद किया गिरप्तार

विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए सफलता मिली। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में गिरफ्तार आरोपी आरिफ उर्फ बाठू और अहसान उर्फ एहसास की संलिप्तता इस मामले में पाई गई। पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर इन्हें गिरफ्तार किया, जिसके बाद आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

अपराध करने का ‘फिल्मी’ तरीका

इस गिरोह के काम करने का तरीका किसी थ्रिलर फिल्म से कम नहीं था। आरोपी पहचान छिपाने के लिए बाहरी राज्यों में जाकर गाड़ी चलाने या कपड़ा बेचने (फेरी) का काम करते थे ताकि किसी को शक न हो। वारदात के दौरान मोबाइल बंद रखते थे और केवल इंटरनेट कॉलिंग का उपयोग करते थे। वे हर बार किराये की गाड़ी का इस्तेमाल करते थे और उसकी नंबर प्लेट बदल देते थे ताकि टोल नाकों पर पकड़े न जाएं।

Exit mobile version