हॉस्टल वार्डन के खिलाफ छात्राओं का प्रदर्शन: जबरन हाथ-पैर की मालिश कराने का आरोप, GPM में भी प्रताड़ना के आरोप

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की छात्राओं ने वार्डन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

बांगो थाना क्षेत्र के पोंडी उपरोड़ा स्थित छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका शारदा नेताम पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।

उनका कहना है कि वार्डन उनसे जबरन हाथ-पैर की मालिश कराती थीं।

देर रात तक पूजा-पाठ करती थीं, जिससे पढ़ाई और नींद प्रभावित होती थी।

साथ ही खराब और अधपका भोजन दिए जाने की भी शिकायत की गई।

प्रदर्शन के कारण करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाइश देकर मामला शांत कराया।

जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने अधीक्षिका शारदा नेताम को पद से हटा दिया।

उधर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सेमरदर्री कन्या छात्रावास में भी छात्राओं ने वार्डन पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

छात्राओं का कहना है कि वार्डन उन्हें अधिक खाना खाने पर ताने देती थीं और अभिभावकों को फोन कर बच्चियों को छात्रावास से ले जाने की बात कहकर दबाव बनाती थीं।

इस मामले में भी छात्राओं ने वार्डन को हटाने की मांग की है। दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद छात्रावासों की व्यवस्थाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version