परीक्षा पे चर्चा 2026: महासमुंद की बेटी सृष्टि साहू का चयन, दिल्ली आमंत्रण से जिले में खुशी की लहर

महासमुंद। महासमुंद जिले के लिए गर्व का क्षण है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, नयापारा की कक्षा 12वीं गणित संकाय की छात्रा कु. सृष्टि साहू का “परीक्षा पे चर्चा 2026” के प्रथम चरण में चयन हुआ है। सृष्टि को 21 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उनके चयन से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।

परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण में इस वर्ष छत्तीसगढ़ से रिकॉर्ड 29.29 लाख विद्यार्थियों, पालकों और शिक्षकों ने पंजीयन कराया। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 7.16 लाख अधिक है। पंजीयन के मामले में राज्य को इस बार देश में चौथा स्थान मिला है। खास बात यह रही कि 1.41 लाख पालकों ने भी पंजीयन किया, जिससे शिक्षा को लेकर बढ़ती जागरूकता स्पष्ट होती है।

प्रथम चरण की चयन प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों से उनके प्रश्नों पर आधारित वीडियो आमंत्रित किए गए थे। राज्य से कुल 171 वीडियो प्राप्त हुए, जिनमें से 18 विद्यार्थियों का चयन कर केंद्र को भेजा गया। केंद्र की समिति ने इनमेें से महासमुंद की कु. सृष्टि साहू को चुना।

सृष्टि के चयन पर जिला कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगहे ने उनसे मुलाकात कर बधाई दी। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अमी रूफस ने बताया कि सृष्टि एक अनुशासित, परिश्रमी और मेधावी छात्रा है, जो बाल दिवस के अवसर पर शाला नायक की भूमिका भी निभा चुकी है।

सृष्टि के पिता शासकीय शिक्षक हैं और माता गृहणी। परिवार ने इसे महासमुंद जिले के लिए गौरव का विषय बताया है। जिला शिक्षा अधिकारी और शिक्षा विभाग ने भी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी हैं। अब सभी को आगामी चरणों के परिणामों का इंतजार है।

Exit mobile version