दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की अधिकृत पार्किंग से सिलसिलेवार बाइक चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक मैकेनिकल इंजीनियर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी ई. पापा राव पहले BSP में संविदा पर काम कर चुका था और बाद में उसी प्लांट की पार्किंग को अपना निशाना बनाने लगा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रायपुर से बस में भिलाई आता, पावर हाउस चौक पर उतरकर पैदल मेन गेट पार्किंग पहुंचता और मास्टर चाबी से खासकर होंडा साइन मॉडल की बाइक चोरी कर लेता था। जून 2024 से सक्रिय इस गिरोह ने एक साल में 31 बाइकें पार कीं, जिनकी कुल कीमत करीब 31 लाख रुपए आंकी गई है।
7 नवंबर 2025 को हुई एक चोरी ने मामले में अहम सुराग दिया। CCTV फुटेज में आरोपी लंगड़ाते हुए दिखाई दिया। पैर में लोहे की रॉड होने के कारण उसकी चाल अलग थी, जिससे पुलिस को पहचान करने में मदद मिली। फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
पूछताछ में पता चला कि चोरी की गई बाइकें जशपुर जिले के कुनकुरी में बेची जाती थीं। पुलिस ने वहां से 11 बाइक जब्त कर मनोज राम और राम सेवक प्रजापति उर्फ रवि को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मैकेनिक का काम करते थे और चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने में मदद करते थे।
भिलाई-भट्टी थाने में 23 समेत विभिन्न थानों में आरोपी के खिलाफ मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि गिरोह ने गणेश पंडाल, सेक्टर-1 गार्डन, बीटीआई भवन और अन्य स्थानों से भी बाइकें चोरी कीं। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
