गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक से हल्की टक्कर के बाद कुछ युवकों ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को उनकी ही कार में बंधक बना लिया।
आरोपियों ने करीब आधे घंटे तक उन्हें कार में घुमाया, मारपीट की, कार में तोड़फोड़ की और जबरन 8 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पीड़ित की पहचान साहिबाबाद निवासी अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है, जो नोएडा की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।
अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वे शुक्रवार को इंदिरापुरम क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान उनकी कार एक बाइक से हल्के से छू गई। इसके बाद दो से तीन बाइक सवार उनका पीछा करने लगे और कुछ दूरी पर उनकी कार रुकवा ली।
आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए अभिषेक को अंदर ही बंधक बना लिया और करीब आधे घंटे तक उन्हें कार में घुमाते रहे।
इस दौरान उन्होंने अभिषेक के साथ मारपीट की, उनका पर्स, मोबाइल फोन और कार की चाबी छीन ली। आरोपियों ने मोबाइल फोन से जबरन पांच हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और पर्स में रखे तीन हजार रुपये नकद भी लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
