कारोबारी हत्याकांड के हथियार सप्लायर का एनकाउंटर, चार हिरासत में

बनारस। वाराणसी में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड से जुड़े हथियार सप्लायर मुकीम को बुधवार तड़के पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह हत्यारों से लेनदेन के लिए आया था। पुलिस ने सारनाथ थाना क्षेत्र के फरीदपुर में घेराबंदी की, जहां मुकीम ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से दो और आरोपी पकड़े गए, जबकि एक संदिग्ध को मुंबई से हिरासत में लिया गया है।

DCP वरुणा प्रमोद कुमार के अनुसार, मुकीम ने हत्याकांड के मुख्य प्लानर और शूटर्स को हथियार सप्लाई किए थे। मुंबई से पकड़ा गया आरोपी महेंद्र गौतम का पूर्व कारोबारी साझेदार है। बताया जा रहा है कि जमीन और पैसों के विवाद के चलते उसने महेंद्र से रिश्ते तोड़ लिए थे और हत्या की साजिश रची। पुलिस को उसके खातों से शूटरों को पैसे भेजने के सबूत भी मिले हैं। हालांकि परिवार ने पुलिस पर अवैध हिरासत का आरोप लगाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया है।

इस केस में पुलिस ने अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और तीन शूटर्स की पहचान की जा चुकी है। इनमें दो बड़ागांव और एक जौनपुर का रहने वाला है। एक रेकी करने वाले युवक की तलाश प्रयागराज में की जा रही है।

गौरतलब है कि 22 अगस्त को बुद्धा सिटी निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी महेंद्र गौतम की अरिहंत नगर में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह कॉलोनी विकास का काम करते थे और बड़े जमीन विवादों में सक्रिय थे। पुलिस का मानना है कि यही विवाद हत्या की वजह बना। महेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी और 10 साल का बेटा है। इस हत्याकांड ने वाराणसी के रियल एस्टेट जगत में सनसनी फैला दी है।

Exit mobile version