छत्तीसगढ़ में ई-गवर्नेंस की बड़ी पहल: कर्मचारियों की सेवा जानकारी अब मोबाइल एप पर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए कर्मचारियों की सेवा जानकारी को मोबाइल एप के जरिए अपडेट करने की सुविधा शुरू की है। अब प्रदेश के करीब 4 लाख शासकीय कर्मचारियों की सेवा संबंधित जानकारी ‘एम्प्लाई कॉर्नर’ मोबाइल एप और वेब पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी।

इस पहल से कर्मचारियों को पदोन्नति, वेतन विसंगति, सेवानिवृत्ति लाभ जैसे मामलों में तेजी और पारदर्शिता मिलेगी। अब सेवा जानकारी, बैंक अकाउंट और नामिनी बदलने के लिए कर्मचारियों को कार्यालय प्रमुख पर निर्भर नहीं रहना होगा। सभी जानकारी कर्मचारी स्वयं लॉगिन कर अपडेट कर सकेंगे।

संचालक कोष एवं लेखा रितेश अग्रवाल के अनुसार, अब तक अधिकांश कर्मचारी कार्मिक संपदा पोर्टल पर अपनी जानकारी अपडेट नहीं करते थे, जिससे सेवानिवृत्ति के समय समस्याएं आती थीं। इसे ध्यान में रखते हुए ‘एम्प्लाई कॉर्नर’ एप विकसित किया गया है।

इसके साथ ही, अंतिम जीपीएफ दावा और जीपीएफ क्रेडिट मिसिंग जैसी समस्याओं के लिए भी ऑनलाइन मॉड्यूल विकसित किए गए हैं। अब सेवा से जुड़े सभी दावे और लाभ ऑनलाइन प्रक्रिया से शीघ्रता से निपटाए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री साय की यह पहल छत्तीसगढ़ को डिजिटल प्रशासन की दिशा में नई ऊंचाई पर ले जा रही है।

Exit mobile version