रायपुर। ओडिशा के सुंदरगढ़ में 11 से 15 नवंबर तक आयोजित चौथी राष्ट्रीय कीड़ा प्रतियोगिता 2025 में छत्तीसगढ़ के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में द्वितीय स्थान हासिल किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के लगभग 7000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। छत्तीसगढ़ के 75 एकलव्य विद्यालयों से चयनित 466 प्रतिभागियों सहित 516 सदस्यीय दल ने इसमें भाग लिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता राज्य में जनजातीय शिक्षा, खेल सुविधाओं के विकास और युवा खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कौशल का परिचय दे रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 162 पदक जीते—55 स्वर्ण, 43 रजत और 64 कांस्य।
विभिन्न खेलों में प्रदर्शन इस प्रकार रहा
- स्वीमिंग: 10 स्वर्ण, 09 रजत, 07 कांस्य
- कुश्ती एवं एथलेटिक्स: 07-07 स्वर्ण
- ताईक्वांडो एवं तीरंदाजी: 05-05 स्वर्ण
- जूडो एवं बैडमिंटन: 04-04 स्वर्ण
समापन समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने छत्तीसगढ़ टीम को ट्रॉफी प्रदान की। यह उपलब्धि खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालयों की उत्कृष्ट तैयारी का प्रतीक है।
राज्य के 75 एकलव्य विद्यालयों में 27,300 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जहां शिक्षा के साथ शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा और आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर ने भी पूरी टीम को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
