छत्तीसगढ़ में मौसम के दोहरे तेवर: राजनांदगांव में पारा 38°C के पार, उत्तर में अब भी रातें ठंडी; बारिश के आसार नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहाँ मैदानी इलाकों में सूरज की तपिश ने लोगों को पसीने छुड़ाना शुरू कर दिया है।

वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के पहाड़ी क्षेत्रों में रात के समय अब भी हल्की ठंड बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े बदलाव या बारिश की संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा।

राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर में ठंड

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके उलट, उत्तर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मैदानी इलाकों की तुलना में काफी कम है। राजधानी रायपुर में भी पारा 38 डिग्री के करीब पहुँच चुका है।

एक्टिव हैं दो सिस्टम, लेकिन बेअसर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में दो मौसम तंत्र (सिस्टम) सक्रिय हैं। उत्तर ओडिशा से विदर्भ तक एक द्रोणिका (ट्रफ) दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है।

हालांकि, नमी की कमी के कारण इस सिस्टम का छत्तीसगढ़ पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है। अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे दोपहर की गर्मी और बढ़ेगी।

फिलहाल, रायपुर समेत पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहने और शुष्क हवाएं चलने का अनुमान है। सुबह और रात के वक्त हल्की गुलाबी ठंड का अहसास होगा, लेकिन दोपहर में धूप की तेजी बरकरार रहेगी।

Exit mobile version