रायपुर। रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धमतरी से हेरोइन लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में घूम रहे दो ड्रग तस्करों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान इमरान खान और पुरुषोत्तम साहू के रूप में हुई है। दोनों को गोबरानवापारा थाना क्षेत्र के दुलना तिराहा के पास गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एएसपी विवेक शुक्ला की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर बिक्री की तैयारी में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी अलग-अलग दिशा में भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे धमतरी से हेरोइन लेकर रायपुर पहुंचे थे और यहां ग्राहक तलाश रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 ग्राम 13 मिलीग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपए बताई जा रही है। दोनों के खिलाफ गोबरानवापारा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि ड्रग तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
