देशभर में दीपावली की धूम: बाजारों में रौनक, अयोध्या में उमड़ी भीड़, गोवा में जला नरकासुर का पुतला

दिल्ली। देशभर में आज दीपावली का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर अयोध्या, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई तक दीपों की रोशनी और सजावट से बाजारों में रौनक नजर आ रही है। लोग अपने घरों को सजाकर लक्ष्मी-गणेश की पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।

गोवा में पारंपरिक रूप से दीपावली के अवसर पर राक्षस नरकासुर के बड़े-बड़े पुतलों को जलाकर बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक मनाया गया। पणजी और आसपास के इलाकों में सुबह से ही लोग पुतले जलाते दिखे और एक-दूसरे को बधाइयां दीं। यह परंपरा भगवान कृष्ण द्वारा नरकासुर का वध करने की याद में मनाई जाती है।

अयोध्या में इस मौके पर भव्य दीपोत्सव के बाद आज सुबह से राम मंदिर और हनुमान गढ़ी में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और प्रदेश की जनता को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सरयू घाट पर श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर भगवान राम का आशीर्वाद लिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व जीवन में प्रकाश, सुख और समृद्धि लाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि दीपों का यह पर्व हमारे जीवन में सकारात्मकता और सद्भाव का संचार करे।

देश के अलग-अलग हिस्सों से दीपावली के रंगीन नजारे सामने आ रहे हैं। कहीं मंदिरों में आरती हो रही है तो कहीं घर-आंगन दीपों की रौशनी से जगमगा रहे हैं। पूरा देश एक बार फिर रोशनी, खुशहाली और उत्सव की भावना से भर उठा है।

Exit mobile version