धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दुल्हन के भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना लाइव वीडियो में भी कैद हुई है, जो अब सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 नाबालिग भी शामिल हैं। घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथीडीह की है।
जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान गरियाबंद जिले के मालगांव निवासी चंदन निषाद के रूप में हुई है। वह चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने धमतरी आया था। शनिवार रात करीब 8 बजे बाजार चौक के पास लकड़ी पक्ष के स्वागत में नाच-गाना चल रहा था। इसी दौरान डांस करते वक्त चंदन और उसके दोस्तों की बैंड वालों से धक्का-मुक्की हो गई। विवाद बढ़ने पर बैंड कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और देखते ही देखते हमला कर दिया।
आरोप है कि बैंड वालों ने चंदन को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके चार दोस्त भी बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तोषण चक्रधारी, अभिषेक पटेल, हिनेश उर्फ हिलेश्वर, ताम्रज कंवर, गुलाब दीवान समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस तैनात की गई है।
