डेढ़ करोड़ के इनामी देवजी के सरेंडर की चर्चा: तेलंगाना में साथी संग्राम संग हथियार डालने की खबर

जगदलपुर। प्रतिबंधित माओवादी संगठन में बड़ी हलचल की खबर सामने आई है। संगठन के महासचिव और पोलित ब्यूरो सदस्य थिप्परी तिरुपति उर्फ देवजी के आत्मसमर्पण करने की चर्चाएं तेज हैं।

बताया जा रहा है कि देवजी ने अपने करीबी साथी केंद्रीय समिति सदस्य (CCM) संग्राम के साथ तेलंगाना में पुलिस के समक्ष हथियार डाल दिए हैं। हालांकि इस घटनाक्रम की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से भी इसे लेकर स्पष्ट बयान जारी नहीं किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में शीर्ष नक्सली नेता बसवा राजू के एनकाउंटर के बाद देवजी को संगठन का महासचिव बनाया गया था। वर्तमान में वह संगठन का सबसे बड़ा सक्रिय नेता माना जाता है।

छत्तीसगढ़ में उस पर करीब डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम घोषित है, जबकि संग्राम पर एक करोड़ रुपए का इनाम है। ऐसे में यदि आत्मसमर्पण की खबर की पुष्टि होती है तो यह नक्सल विरोधी अभियान के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।

इस मामले पर बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि सीमावर्ती राज्य में कुछ वरिष्ठ नक्सली कैडरों के सरेंडर की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन प्रोटोकॉल के अनुसार इसकी पुष्टि संबंधित राज्य की एजेंसियां ही कर सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि नक्सली संगठन लगातार कमजोर हो रहा है और उसके कैडरों के पास मुख्यधारा में लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

आईजी ने अपील करते हुए कहा कि नक्सली नेतृत्व हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और गरिमा का मार्ग अपनाएं। जो ऐसा नहीं करेंगे, उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा। फिलहाल सभी की नजर आधिकारिक पुष्टि पर टिकी है।

Exit mobile version