रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले के पोड़ी में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से 126 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 88 करोड़ से अधिक की लागत के 59 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 38 करोड़ से अधिक की लागत के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में अधोसंरचना सुदृढ़ होगी और जनसुविधाओं का विस्तार होगा।
सड़क, भवन, जलापूर्ति, सामुदायिक भवन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि मजबूत अधोसंरचना किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की आधारशिला होती है और इन परियोजनाओं से पोड़ी तथा आसपास के क्षेत्रों को नया आयाम मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें तेज गति, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ धरातल पर उतारना है।
हमारी सरकार परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति के साथ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास की धारा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि दूरस्थ और पिछड़े अंचलों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और जनसुविधाओं के क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है।
इन प्रयासों से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आवागमन सुगम होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इन विकास कार्यों को क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
