पटना में तेज बारिश के बीच टर्बुलेंस में फंसी दिल्ली-पटना फ्लाइट: यात्रियों में चीख-पुकार, जयपुर में गर्मी से सड़कों पर पानी का छिड़काव

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बुधवार को बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि हुई।

पटना में देर रात हुई भारी बारिश के दौरान दिल्ली से आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 टर्बुलेंस में फंस गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। खराब मौसम के कारण विमान को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पटना में करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। कुछ जगहों पर सड़कें धंस गईं। बिहार में बिजली गिरने की घटनाओं में दो लोगों की मौत भी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के 24 जिलों में बारिश और आंधी का यलो अलर्ट जारी किया है।

वहीं जयपुर समेत राजस्थान के कई जिलों में तेज गर्मी देखने को मिली। तापमान बढ़ने के कारण नगर निगम ने सड़कों पर पानी का छिड़काव कराया। मौसम विभाग ने 8 मई से हीटवेव चलने की चेतावनी दी है। फलोदी में तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से आंधी-बारिश का दौर जारी है। राज्य के 44 जिलों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी आंधी-बारिश के बाद अब तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

दूसरी ओर केदारनाथ मंदिर समेत उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर लगातार चौथे दिन बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक देश के कई हिस्सों में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना जताई है।

Exit mobile version