मुख्यमंत्री साय से सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात: विकास और सामाजिक समरसता पर हुई चर्चा

दिल्ली। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में रविवार को सर्व आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सीएम विष्णुदेव सायव से सौजन्य मुलाकात की। वरिष्ठ मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के साथ सामाजिक समरसता, जनकल्याण और प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में चल रहे विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की सराहना की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आदिवासी अंचलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक पहचान को संरक्षित करने के लिए सरकार की पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के हितों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समाज के विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक भी विकास की रोशनी पहुंचे और समाज के अंतिम व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुलाकात के दौरान सामाजिक एकता और प्रदेश के समग्र विकास को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

Exit mobile version