गैंगरेप मामले में दीपक बैज का सरकार पर हमला, गृहमंत्री को माफी मांगने की दी नसीहत कानून व्यवस्था संभालने में विफल; गृहमंत्री जनता से माफी मांगें

रायपुर। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो चुका है।

जगदलपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान बैज ने आरोप लगाया कि इस मामले में भाजपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, जो बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ते अपराधों में सत्ताधारी दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम सामने आना चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।

बैज ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति बन गई है, जहां आम नागरिक, खासकर महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से इस घटना को लेकर जनता से माफी मांगने की मांग की है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अपराधों पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और केवल दावे करने तक सीमित है। बैज ने सोशल मीडिया पर भैरमगढ़ मामले के कथित आरोपी की तस्वीर साझा कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद शर्मनाक हैं और सरकार को चाहिए कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिलाए। साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाती, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Exit mobile version