जैश प्रमुख मसूद अजहर के भाई ताहिर अनवर की मौत,आतंकी संगठन को बड़ा झटका

दिल्ली। पाकिस्तान से एक बड़ी खबर सामने आई है कि भारत के दुश्मन और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के सरगना मसूद अजहर के बड़े भाई, मोहम्मद ताहिर अनवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने भी इस खबर की पुष्टि की है, हालांकि मौत के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

जैश का अहम चेहरा और संदिग्ध मौत
62 वर्षीय ताहिर अनवर जैश-ए-मोहम्मद के भीतर बेहद सक्रिय था और संगठन की रणनीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर वायरल संदेशों के अनुसार, उसका जनाजा बहावलपुर स्थित जैश के मुख्यालय के पास अदा किया जाएगा। ताहिर, जो कभी मुर्गी पालन का काम करता था, 12 भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और आतंकी नेटवर्क के विस्तार में मसूद अजहर का दायां हाथ माना जाता था।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ और अजहर परिवार की तबाही
ताहिर की मौत ऐसे समय में हुई है जब मसूद अजहर का कुनबा पहले से ही भारतीय कार्रवाई की मार झेल रहा है। ज्ञात हो कि पिछले साल मई में भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पाकिस्तान और PoK में जैश के 9 ठिकानों को नेस्तनाबूद किया था। उस ऑपरेशन में मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्य मारे गए थे, जिनमें उसकी बहन, बहनोई और बच्चे शामिल थे।

ताहिर अनवर की मौत के बाद भारतीय सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जैश के शीर्ष नेतृत्व में लगातार हो रही इन मौतों से संगठन की कमर टूट गई है, जिससे सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों पर गहरा असर पड़ेगा।

Exit mobile version