भाेपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेयजल आपूर्ति को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है।
शहर के वार्ड नंबर-9 स्थित मॉडल ग्राउंड इलाके में पानी की पाइप लाइन में मृत केंचुआ मिलने के बाद रहवासियों में आक्रोश फैल गया है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने इस मामले की शिकायत नगर निगम कमिश्नर से की है और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
दरअसल हाल ही में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से 34 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट होने की बात कही जा रही है, लेकिन भोपाल में हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं। कई इलाकों में गंदा पानी आने, टंकियों की सफाई नहीं होने और सीवेज लाइनों के पास से पेयजल पाइप लाइन गुजरने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।
मॉडल ग्राउंड क्षेत्र में जांच के दौरान रहवासियों ने दावा किया कि पानी की पाइप लाइन में मृत केंचुआ मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइप लाइन लंबे समय से खुली पड़ी थी, जिससे उसमें गंदगी भर गई। इसके अलावा पेयजल टंकी की भी महीनों से सफाई नहीं कराई गई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुधार नहीं किया गया तो भोपाल में भी इंदौर जैसी गंभीर स्थिति बन सकती है।
इस मुद्दे को लेकर AIMIM के नेताओं ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। पार्टी से जुड़े मोहसिन खान ने बताया कि रमजान के दौरान पुराने भोपाल में स्वच्छता, खुले नालों और सीवेज से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं हैं।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहिसन अली खान सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन से मुलाकात कर समस्या की जानकारी दी। कमिश्नर ने मामले की जांच कराने और पाइप लाइन तथा टंकियों की सफाई कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि रहवासियों का कहना है कि स्थायी समाधान के बिना शहर में स्वास्थ्य संकट का खतरा बना रहेगा।
