संविधान क्लब में दोपहर 12:30 बजे होगी वार्ता, जंतर-मंतर पर 35वें दिन भी जारी रहा धरना
दिल्ली। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के संविधान क्लब में अहम बैठक होगी।
दोनों पक्षों के बीच यह वार्ता ऐसे समय हो रही है, जब जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन लगातार 35वें दिन भी जारी है। दूसरी ओर, सरकार के आश्वासन के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है।
बैठक से पहले CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उसकी प्रमुख और गैर-समझौतावादी मांग है। पार्टी का कहना है कि जब तक इस मांग पर फैसला नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वार्ता के समानांतर CJP ने शुक्रवार को देशव्यापी प्रदर्शन का भी आह्वान किया है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार सुबह भी बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक शांतिपूर्ण धरने पर बैठे रहे। वहीं जयपुर सहित कई शहरों में भी प्रदर्शन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी का दावा है कि देशभर से समर्थक विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
जानकारी के मुताबिक, CJP के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात केंद्रीय मंत्रियों से संविधान क्लब में होगी। इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने CJP प्रवक्ताओं से मुलाकात की थी।
सरकार का कहना था कि उसने चार बार बातचीत का प्रस्ताव दिया, लेकिन CJP ने सरकारी आवास पर बैठक से इनकार करते हुए किसी तटस्थ स्थान पर वार्ता की मांग की थी। इसी के बाद संविधान क्लब को बैठक स्थल चुना गया।
CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने का स्वागत है, लेकिन जंतर-मंतर पर आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते। अब सभी की नजर दोपहर की बैठक के नतीजों पर टिकी है।
