दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने अपने एक जवान मुनीर अहमद को नौकरी से निकाल दिया है। उस पर आरोप है कि उसने एक पाकिस्तानी महिला से शादी की और इसकी जानकारी CRPF को नहीं दी। इसके अलावा, उसने अपनी पत्नी को वीजा खत्म होने के बाद भी भारत में रखा।
वीडियो कॉल पर की थी शादी
मुनीर अहमद CRPF की 41वीं बटालियन में काम करता था। उसने 24 मई 2023 को मेनल खान नाम की पाकिस्तानी महिला से वीडियो कॉल पर शादी की थी। लेकिन उसने ये बात अपने विभाग को नहीं बताई, जबकि नियमों के अनुसार ऐसी जानकारी देना जरूरी होता है।
इस तरह हुआ खुलासा
ये मामला तब सामने आया जब पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने को कहा। जांच में पता चला कि मेनल खान का वीजा पहले ही खत्म हो चुका था और वह भारत में अवैध रूप से रह रही थी।
CRPF ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना और बिना किसी लंबी जांच के मुनीर को बर्खास्त कर दिया।CRPF के प्रवक्ता एम. धिनाकरन ने कहा कि यह गंभीर लापरवाही है और सुरक्षा बलों को इस तरह की गलतियों से बचना चाहिए। CRPF ने सभी जवानों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।