खारंग नदी हादसे के बाद सख्ती,अवैध रेत उत्खनन पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

रायपुर। खारंग नदी क्षेत्र में हुए हादसे के बाद प्रशासन ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। बिलासपुर जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की घटना की जांच पूरी होने के बाद खनिज विभाग और जिला प्रशासन ने संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पूरे क्षेत्र में निगरानी और अभियान तेज कर दिए गए हैं।

जांच के दौरान ग्राम गढ़वट में सरपंच, पंचों और ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक 8-9 अप्रैल की रात दो युवक नदी क्षेत्र में पहुंचे थे, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला, लेकिन ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर घटना की पुष्टि हुई।

जांच में सामने आया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम गढ़वट निवासी तोषण कुमार कश्यप के नाम पर दर्ज है। इसके आधार पर थाना रतनपुर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 105 और 238(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों युवक नदी क्षेत्र में रेत उत्खनन के उद्देश्य से गए थे। हालांकि मौके पर अवैध उत्खनन के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले, लेकिन कच्चे रास्तों और ट्रैक्टर के आवागमन के निशान जरूर पाए गए।

खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में गढ़वट और आसपास के क्षेत्रों में 47 मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 6.95 लाख रुपए की वसूली की गई। वहीं वर्ष 2025-26 में अब तक 22 प्रकरण दर्ज कर 3.19 लाख रुपए से अधिक की कार्रवाई की जा चुकी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version