‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ का शुभारंभ, CM साय ने किया पोस्टर विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में ‘गौ विज्ञान परीक्षा अभियान 2025’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभियान का पोस्टर जारी कर समिति के सदस्यों को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य गौ संरक्षण एवं संवर्धन समिति द्वारा किया गया था।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो न केवल आध्यात्मिक लाभ देती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष समिति द्वारा घर-घर किचन गार्डन की स्थापना पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, जो जनस्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुबोध राठी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 4 नवम्बर 2025 को प्रदेशभर में गौ विज्ञान परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य गौवंश के महत्व, पर्यावरण में उसकी भूमिका, ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम में योगदान और पंचगव्य के वैज्ञानिक पहलुओं का प्रचार-प्रसार करना है।

यह परीक्षा माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक और महाविद्यालयीन स्तर पर तीन श्रेणियों में होगी। प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार 51,000, द्वितीय 31,000 और तृतीय 21,000 रखा गया है। जिला स्तर पर भी नकद पुरस्कार और गौमय उत्पाद किट प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और गौ विज्ञान ग्रंथ दिए जाएंगे। इच्छुक छात्र-छात्राएँ अपने संस्थान के प्राचार्य या गौ विज्ञान प्रभारी से संपर्क कर पंजीयन कर सकते हैं।

Exit mobile version