रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य बजट में कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारी वर्ग और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक चिंता से मुक्ति मिलना एक ऐतिहासिक और कर्मचारी हितैषी कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह संवेदनशील फैसला कर्मचारियों के मनोबल को मजबूत करेगा। फेडरेशन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी कर्मचारी हितों को प्राथमिकता दी जाती रहेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। कैशलैस चिकित्सा सुविधा से शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों को उपचार के दौरान आर्थिक दबाव से राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक औपचारिकताओं से न गुजरना पड़े। इससे वे अपने कार्यों पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे और कार्य गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संवाद बनाए रखेगी। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में सुनील उपाध्याय, जय कुमार साहू, राजेश सिंघी, संतोष कुमार वर्मा, संजीत शर्मा, देवाशीष दास, लोकेश वर्मा, अमित शर्मा, सोनाली तिडके, आकाश त्रिपाठी, जगेश्वर भट्ट, दीपक सोनकर, प्रवीण सिंह एवं निशा यादव उपस्थित रहे।
