मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की।

प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री साय को आगामी जनवरी 2025 में रायपुर जिले के ग्राम नवागांव (कोलियारी) में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण सौंपा।

मुख्यमंत्री साय ने समाज के प्रतिनिधियों का धन्यवाद करते हुए आमंत्रण स्वीकार किया और आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज की पारंपरिक कला, शिल्प कौशल, श्रमशीलता और सांस्कृतिक भूमिका छत्तीसगढ़ की पहचान को और मजबूत बनाती है। मिट्टी से जीवनोपयोगी एवं कलात्मक वस्तुएँ बनाकर यह समाज न सिर्फ परंपराओं को संजोए हुए है, बल्कि आर्थिक रूप से भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सभी समुदायों और परंपरागत व्यवसायों के संरक्षण एवं विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कौशल उन्नयन, बाजार विस्तार और आर्थिक सहयोग के माध्यम से कुंभकार समाज की आजीविका को और मजबूती दी जाएगी। उन्होंने समाज को शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतिनिधि मंडल में समाज के सलाहकार रतन लाल चक्रधारी, बी.पी. चक्रधर, प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार चक्रधारी, महामंत्री हेमलाल कौशिक, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश कुंभकार, दौवा राम चक्रधारी सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे। सभी ने मुख्यमंत्री को समाज की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रम की तैयारियों से अवगत कराया।

Exit mobile version