रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की जनभावनाओं, विकास से जुड़े मुद्दों और आमजन की अपेक्षाओं को मजबूती से रखने में लक्ष्मी वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे संसद के उच्च सदन में प्रदेश के हितों और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से सक्रिय राजनीति और सामाजिक कार्यों से जुड़ी रहने के कारण लक्ष्मी वर्मा को जनता के मुद्दों की अच्छी समझ है। ऐसे में उनका अनुभव राज्यसभा में प्रदेश के विकास से जुड़े विषयों को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
इस अवसर पर विधायक किरण सिंह देव, विधायक अनुज शर्मा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा सदस्य बनने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
