सोमनाथ मंदिर में मोदी ने पूजा की, शिवलिंग पर जलाभिषेक और पुष्प अर्पण; शौर्य यात्रा में डमरू बजाया

सोमनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी ने शिवलिंग पर जल चढ़ाया, पंचामृत से अभिषेक किया और फूल व बेलपत्र अर्पित किए। मंदिर परिसर में करीब 30 मिनट तक उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ पूजा की और आरती में भाग लिया। पूजा के दौरान पुजारियों ने प्रधानमंत्री को त्रिपुंड भी लगाया।

सोमनाथ मंदिर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शंख सर्किल से सद्भावना मैदान तक एक किलोमीटर लंबी शौर्य यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान पीएम मोदी दोनों हाथों में डमरू लेकर बजाते नजर आए। शौर्य यात्रा में 108 घोड़ों का काफिला भी शामिल रहा। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने सोमनाथ मंदिर की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर योद्धा हमीरजी गोहिल की प्रतिमा को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री शनिवार शाम को सोमनाथ पहुंचे थे। यहां सोमनाथ मंदिर पर वर्ष 1026 में हुए पहले आक्रमण के एक हजार वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है। इस आयोजन का नाम भी प्रधानमंत्री मोदी ने ही रखा है। यह पर्व 8 से 11 जनवरी तक आयोजित किया जा रहा है।

दौरे के पहले दिन पीएम मोदी ने सोमनाथ में रोड शो किया था। इसके बाद उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन किया, ‘ऊं’ मंत्र के सामूहिक जाप में हिस्सा लिया और भव्य ड्रोन शो देखा। मंदिर परिसर में 72 घंटे तक चले ऊं जाप और महाआरती के कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री शामिल हुए।

पूजा के बाद प्रधानमंत्री थोड़ी देर में सद्भावना मैदान पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे हेलिकॉप्टर से राजकोट रवाना होंगे, जहां व्यापार मेले और वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय स्वाभिमान के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Exit mobile version