बीरगांव में BPL कार्ड निरस्त करने पर कांग्रेस का प्रदर्शन, 15 दिन में बहाली नहीं तो आंदोलन की चेतावनी

बीरगांव। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में बीपीएल राशन कार्ड निरस्त किए जाने और नए कार्ड जारी नहीं होने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन किया। बिरगांव ब्लॉक कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। एमआईसी सदस्य इकराम अहमद ने बताया कि पंकज शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में गरीब और मजदूर वर्ग की गंभीर समस्याओं को उठाया गया है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित उद्योगों में बड़ी संख्या में दैनिक वेतनभोगी और कम आय वाले श्रमिक कार्यरत हैं। इन परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड बिना पूर्व सूचना के निरस्त कर दिए गए, जबकि पिछले दो वर्षों से पात्र हितग्राहियों के नए कार्ड भी नहीं बनाए जा रहे हैं। इससे सैकड़ों परिवार प्रभावित हुए हैं।

नेताओं ने कहा कि अधिकांश मजदूरों के पास मजदूरी के अलावा आय का कोई अन्य साधन नहीं है। बीपीएल कार्ड निरस्त होने के कारण उन्हें बाजार दर पर राशन खरीदना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो गई है। महंगाई के इस दौर में गरीब परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में कठिनाई हो रही है और मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।

पंकज शर्मा ने निगम प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए मांग की है कि निरस्त किए गए बीपीएल कार्ड पुनः बहाल किए जाएं और पात्र लोगों के नए कार्ड तत्काल बनाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी और जनहित की लड़ाई सड़क पर लड़ी जाएगी।

Exit mobile version